Newsमध्य प्रदेश

जमीन के लालच में टूटा पिता-पुत्र का रिश्ता: बड़े बेटे ने गला दबाकर की पिता की हत्या, बिछुआ पुलिस ने घंटों में किया खुलासा

छिंदवाड़ा-जिस पिता ने जीवन भर मेहनत कर जमीन बनाई, उसी जमीन के बंटवारे ने उसकी जान ले ली। थाना बिछुआ क्षेत्र के ग्राम गोनावाड़ी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बड़े बेटे ने ही अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। यह मामला पहले अंधी मौत प्रतीत हो रहा था, लेकिन बिछुआ पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से चंद घंटों में सच्चाई सामने आ गई।
1 फरवरी 2026 की सुबह करीब 7 बजे 58 वर्षीय पतिराम परतेती अपने खेत स्थित कोठा में मौजूद थे। इसी दौरान जमीन के हिस्से को लेकर उनका बड़े बेटे बबलू परतेती से विवाद हो गया। बताया गया है कि पिता द्वारा किए गए बंटवारे से बड़ा बेटा लंबे समय से नाराज था और मामला तहसील न्यायालय बिछुआ में भी विचाराधीन था। उसी पुराने विवाद ने इस दिन हिंसक रूप ले लिया।
गुस्से में आकर आरोपी बेटे ने पहले हाथ-पैर से मारपीट की और फिर पिता का गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना पर मृतक के छोटे बेटे जितेन्द्र परतेती की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध मृत्यु का था, लेकिन मर्ग जांच के दौरान मिले तथ्यों, पारिवारिक पृष्ठभूमि और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों से पुलिस को हत्या की आशंका हुई। इसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर गहन विवेचना की गई।
पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पाण्डे के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं एसडीओपी चौरई भारती जाट के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिछुआ निरीक्षक सतीश उइके ने विशेष टीम गठित की। पूछताछ के दौरान आरोपी बड़ा बेटा बबलू परतेती टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने मौके से खून से सने स्वाब, मृतक के कपड़े व नाखून, तथा घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
इस अंधे हत्याकांड के सफल खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश उइके, सउनि शिवशंकर सिंह सहित बिछुआ थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिनकी तत्परता से एक जघन्य अपराध का पर्दाफाश हो सका।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button