Newsमध्य प्रदेश
पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर GRC जबलपुर की पहल, छिंदवाड़ा में हुआ विशेष संपर्क कार्यक्रम

छिंदवाड़ा – ग्रेनेडियर्स रेजिमेंटल सेंटर, जबलपुर द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए संचालित आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, छिंदवाड़ा में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों/विधवाओं एवं उनके आश्रितों के लिए एक विशेष संपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम कर्नल कंचन सिकदर के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें GRC के प्रतिनिधि हवलदार मारुती चौहान एवं लांस नाइक शमशेर अली उपस्थित रहे। इस दौरान जिला सैनिक कल्याण अधिकारी देवेंद्र सिंह तोमर की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुआ।
संपर्क कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों/विधवाओं एवं उनके आश्रितों ने भाग लिया और SPARSH, पेंशन, सेवा संबंधी मामलों सहित विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों द्वारा सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका विधिवत अभिलेखीकरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी प्रकरणों को संबंधित सक्षम स्तर पर प्राथमिकता के साथ उठाकर उनके शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
इस पहल से लाभान्वित हुए पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने ग्रेनेडियर्स रेजिमेंटल सेंटर की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए इसे उनके हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।



