Newsमध्य प्रदेश
गोपियों की शिकायत पर भी मुस्कुराईं मैया यशोदा, श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से भाव-विभोर हुआ पंडाल

छिंदवाड़ा-अधिक मास के पावन अवसर पर बीबीसी रेजिडेंसी, चंदन गांव में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। कथा के पांचवें दिन छोटे सरकार आचार्य शुभम कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक बाल लीलाओं का ऐसा रसपान कराया कि पूरा पंडाल भक्तिरस में डूब गया।

कथा के दौरान आचार्य श्री ने भगवान श्रीकृष्ण की माखन चोरी लीला का भावपूर्ण वर्णन किया। झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत इस प्रसंग में गोपियां श्रीकृष्ण की शिकायत लेकर मैया यशोदा के पास पहुंचीं, लेकिन नटखट कान्हा ने अपनी भोली-भाली बातों से मां यशोदा को ही उलझा दिया। गोपियों की शिकायतों के बावजूद मैया अपने लाल की मासूमियत पर मोहित नजर आईं। यह प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और पूरा वातावरण “राधे-कृष्ण” के जयघोष से गूंज उठा।

आचार्य शुभम कृष्ण शास्त्री ने कालिया नाग मर्दन एवं गोवर्धन पूजा का भी अत्यंत प्रेरणादायी वर्णन किया। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने भक्तों की रक्षा के लिए हर संकट का सामना किया और धर्म की स्थापना का संदेश दिया।
कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे एवं नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनू मागो भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
भक्ति, संगीत और झांकियों से सजी कथा ने श्रद्धालुओं के मन में कृष्ण भक्ति की अमिट छाप छोड़ दी।



