एन.सी.सी. कैडेट्स ने रचा इतिहास, माउंट रेनोक की ऊँची चोटी पर फहराया तिरंगा, सांसद ने किया सम्मान

छिंदवाड़ा : एन.सी.सी. कैडेट जतिन बंदेवार और नम्रता कुड़ोपा ने अपने साहस और अनुशासन का परिचय देते हुए माउंट रेनोक, पश्चिम सिक्किम की 16,500 फीट ऊँची चोटी पर तिरंगा फहराया। सांसद बंटी विवेक साहू ने इन दोनों एन.सी.सी. कैडेटों का शुक्रवार को सांसद कार्यालय में सम्मान करते हुए इनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
नया कीर्तिमान स्थापित किया
पर्वतारोहण हिमालय माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (एच.एम.आई.) दार्जिलिंग द्वारा पर्वतारोहियों के लिए पर्वत पर चढ़ने का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। महाविद्यालय की एनसीसी कैडेट्स कैडेट नम्रता कुड़ोपा ने 16,500 फीट की ऊंचाई तक सफलतापूर्वक ट्रेकिंग कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया, जबकि कैडेट जतिन बंदेवार ने 14,500 फीट की ऊंचाई माउंटेन ब्लैक काबरू तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की। दोनों कैडेट्स ने अपने साहस और अनुशासन से 24एमपी बटालियन एनसीसी और पीएमसीओई शासकीय पी. जी. कॉलेज छिंदवाड़ा का नाम रोशन किया है।
चुनौतीपूर्ण अभियान
पर्वतारोहण जैसे साहसिक अभियान में भाग लेने वाले कैडेट्स का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ ही त्वरित निर्णय तथा सूझबूझ के साथ अभियान में सर्वोच्च निर्धारित लक्ष्य तक पहुंचने की चुनौती होती है। समुद्र तल से अधिक ऊंचाई होने के साथ प्रतिकूल जलवायु और ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी मस्तिष्क की निर्णय क्षमता को प्रभावित करती है। ऐसे चुनौतीपूर्ण अभियान में रक्तचाप और ऑक्सीजन स्तर को बनाए रखते हुए चोटी की ऊंचाई तक पहुंचना अदम्य साहस का कार्य है, जिसे पूर्ण कर कैडेट्स ने प्रशंसनीय कार्य किया है।
स्वागत और सम्मान
लगभग एक महीने तक देश के राज्य सिक्किम में चले पर्वतारोहण के विशेष प्रशिक्षण के बाद, दोनों कैडेट्स 1 मई को छिंदवाड़ा लौटें है। सेन समाज जिला अध्यक्ष सागर बंन्देवार ने बताया कि आज बच्चों के साहसी कार्य के लिए उनका गर्मजोशी से सांसद कार्यालय में स्वागत किया गया। साथ ही सेन समाज के वरिष्ठ संरक्षक सेवक राम बंन्देवार ने इनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए बधाई शुभकामनाएं दी।
सेन समाज की बधाई
सेन समाज जिला अध्यक्ष सागर बंन्देवार ने कहा, “जतिन बंदेवार और नम्रता कुड़ोपा की यह उपलब्धि पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। हमें इन पर गर्व है और हमें उम्मीद है कि ये भविष्य में भी ऐसे ही साहसिक कार्य करते रहेंगे।”
अनुभव साझा किए
अपने अनुभव साझा करते हुए कैडेट्स ने बताया कि यह यात्रा बेहद चुनौतीपूर्ण रही, लेकिन उनके दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास ने हर मुश्किल को आसान बना दिया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी लक्ष्य को ठान लिया जाए, तो उसे प्राप्त करना पूरी तरह संभव है। इनकी यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और एनसीसी द्वारा युवाओं को आत्मनिर्भर एवं साहसी बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।
सांसद ने दी शुभकामनाएं
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि जतिन बंदेवार और नम्रता कुड़ोपा की यह उपलब्धि छिंदवाड़ा के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स को ऐसे अभियानों में भाग लेने से न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाया जा सकता है, बल्कि उन्हें नेतृत्व और टीम वर्क के गुण भी सिखाए जा सकते हैं।



