Newsमध्य प्रदेश
“श्रीकृष्ण की लीलाओं से मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु, पंडित विमलेश तिवारी ने गौ संरक्षण का संदेश दिया”

छिंदवाड़ा- शहर की सुभाष कॉलोनी में बाजपेई परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बना हुआ है। कथा के आज के प्रसंग में दूर-दूर से पधारे श्रद्धालु भक्तों की भारी उपस्थिति देखने को मिली। कथा स्थल पर भक्तों ने भाव-विभोर होकर “गिरिराज धरण की जय” के गगनभेदी जयघोष लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कथा व्यास पंडित विमलेश तिवारी जी महाराज ने श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने पूतना वध की कथा के माध्यम से यह संदेश दिया कि भगवान अपने भक्तों की रक्षा हेतु सदैव तत्पर रहते हैं। इसके पश्चात भगवान श्रीकृष्ण की माखन लीला और गौ चारण लीला का मनोहारी वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
पंडित जी ने अपने प्रवचनों में वर्तमान समय में गौ वंश पर हो रहे प्रहार और गौ वध जैसी अमानवीय घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने समाज को जागरूक करते हुए गौ माता के संरक्षण एवं संवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया तथा गौ वध रोकने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। उनके ओजस्वी और उग्र प्रवचनों ने भक्तों के हृदय में चेतना का संचार किया।
इसके साथ ही पंडित विमलेश तिवारी जी ने प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि प्रकृति और मानव का गहरा संबंध है। यदि प्रकृति सुरक्षित रहेगी तभी जीवन का अस्तित्व संभव है। उन्होंने गोवर्धन लीला की कथा के माध्यम से यह समझाया कि किस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अहंकार को तोड़ते हुए गोवर्धन पर्वत धारण कर प्रकृति और गौ माता की रक्षा की थी। इस प्रसंग ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कथा के समापन पर भक्तों ने भजन-कीर्तन में भाग लिया और वातावरण पूरी तरह भक्तिरस में सराबोर हो गया। आयोजकों ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ आगामी दिनों तक निरंतर जारी रहेगा, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न दिव्य लीलाओं का वर्णन किया जाएगा।



