Newsमध्य प्रदेश

छिंदवाड़ा में नगर निगम टैक्स वृद्धि पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन,निकाली अर्थी

छिंदवाड़ा, — नगर निगम द्वारा हाल ही में किए गए टैक्स में इज़ाफे के खिलाफ छिंदवाड़ा में कांग्रेस पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान नगर निगम की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर उसे आग के हवाले किया गया, जिससे शहर में विरोध की गर्मी महसूस की गई।

जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई और पार्षद दल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय से रैली के रूप में निकले। रैली ने राजीव गांधी भवन से शुरू होकर फव्वारा चौक और कलेक्ट्रेट होते हुए नगर निगम कार्यालय तक मार्च किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “टैक्स वापसी करो”, “जनता को राहत दो” जैसे नारे लगाए।

रैली का मुख्य आकर्षण नगर निगम की प्रतीकात्मक अर्थी रही, जिसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कंधे पर उठाकर विरोध जताया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव ‘हंडी’ लेकर चल रहे थे और अंत में उन्होंने ही अर्थी को अग्नि दी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने कहा, “पहले से ही महंगाई से त्रस्त आम जनता पर नगर निगम ने टैक्स का अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। यह नीतियां गरीब विरोधी हैं। निगम अधिकारियों को सामने आकर जनता की बात सुननी चाहिए और टैक्स बढ़ोतरी वापस लेनी चाहिए।”

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधियों ने असिस्टेंट कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर टैक्स में की गई वृद्धि को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की।

कांग्रेस का आरोप है कि नगर निगम ने निम्नलिखित टैक्स दरें बढ़ा दी हैं:

टैक्स का नाम पहले की दर नई दर
कचरा गाड़ी शुल्क ₹0 ₹1200
जलकर ₹160 ₹260
प्रॉपर्टी टैक्स — 20% की बढ़ोतरी

प्रदर्शन में विश्वनाथ ओक्टे के अलावा पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष गंगा तिवारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष किरण चौधरी, नगर अध्यक्ष पप्पू यादव, निगम अध्यक्ष सोनू मांगो, नेता प्रतिपक्ष हंसा दाढे, अजय सिन्हा, जय सक्सेना, रिक्कू नैयर, अंबर दाढे सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button