Newsधर्म ज्योतिषमध्य प्रदेश

सुभाष कॉलोनी में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन, कंस वध व रुक्मणी विवाह की कथा से भावविभोर हुए श्रद्धालु

छिंदवाड़ा – सुभाष कॉलोनी में वाजपेई परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में कथा व्यास पं. विमलेश तिवारी जी महाराज ने श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन कराया। कथा के दौरान महाराज कंस वध, महारास एवं रुक्मणी विवाह प्रसंग का विस्तार से वर्णन किया गया।
कथा व्यास जी ने कहा कि जो जीव अपनी इंद्रियों से भगवान श्रीकृष्ण के नाम का रसपान करता है, वही परम आनंद को प्राप्त करता है। इसी भाव के साथ गोपियों ने भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण के साथ दिव्य महारास की रचना की। महारास का तात्पर्य जीवात्मा का परमात्मा से मिलन है। युगल सरकार के चरणों में प्रेम की कामना लेकर जब गोपियां वन में पहुँचीं और प्रभु अदृश्य हो गए, तब उन्होंने करुण गीतों द्वारा प्रभु को पुकारा, जिसे गोपी गीत कहा जाता है। इसके श्रवण से जीव के हृदय में परमात्मा के प्रति प्रेम की वृद्धि होती है।
जब मथुरा में कंस का अत्याचार बढ़ने लगा और प्रजा त्राहि-त्राहि करने लगी, तब भगवान श्रीकृष्ण ने मथुरा में प्रवेश कर दुष्ट कंस का वध किया। इसके पश्चात अपने पिता वसुदेव देव को कारागार से मुक्त कराया तथा अपने नाना उग्रसेन को मथुरा का राजा बनाया। बाद में भगवान गुरु सांदीपनी मुनि के आश्रम उज्जयिनी पहुँचे, जहाँ उन्होंने 64 दिनों में 64 कलाओं का अध्ययन पूर्ण किया।
कथा में बताया गया कि गोपियों की विरह व्यथा को शांत करने के लिए भगवान ने बृहस्पति के शिष्य उद्धव जी को ब्रज भेजा, जहाँ उद्धव जी का ज्ञान भक्ति और प्रेम के सामने नतमस्तक हो गया। जरासंध द्वारा 18 बार मथुरा पर आक्रमण किए जाने के कारण भगवान ने मथुरा का त्याग कर द्वारिका नगरी को बसाया। द्वारिका में राजा भीष्मक की पुत्री रुक्मणी से भगवान श्रीकृष्ण का भव्य विवाह संपन्न हुआ।
कथा व्यास ने बताया कि कल की कथा में भगवान द्वारिकाधीश का सुदामा जी से मिलन तथा राजा परीक्षित के मोक्ष की कथा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का समापन किया जाएगा। कथा श्रवण के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और वातावरण भक्ति व श्रद्धा से सराबोर रहा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button