छिंदवाड़ा में भीषण सड़क हादसा: बारातियों से भरी बस पलटी, 2 की मौत और 29 घायल

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अमरवाड़ा के बसुरिया में शुक्रवार सुबह लगभग 7:30 बजे एक बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें पिता-पुत्र शामिल हैं – करण सिंह ठाकुर (60 वर्ष) और राहुल ठाकुर (27 वर्ष)। दोनों नरसिंहपुर जिले के निवासी थे और दूल्हे के रिश्तेदार थे।
हादसे में 29 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 3 बच्चे, 3 महिलाएं और 23 पुरुष शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार शासकीय अस्पताल हर्रई में किया जा रहा है, जबकि कुछ गंभीर लोगों को नरसिंहपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अमरवाड़ा एसडीओपी रविंद्र मिश्रा ने बताया कि हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और 29 घायल हुए हैं। उन्होंने कहा, “आज सुबह 23 मई को सूचना प्राप्त हुई थी कि बसुलिया कला के पास एक बस पलट गई है। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि नरसिंहपुर के ग्राम आमगांव करेली से एक बारात अमरवाड़ा के ग्राम बाकी उमरिया में आई हुई थी। शादी संपन्न होने के बाद बरातियों को लेकर बस रवाना हुई थी। बांसुरिया कला के पास बस लापरवाही से चलाते हुए बस पलट गई और सड़क के किनारे खाई में जाकर गिर गई।”
उन्होंने आगे कहा, “बस दुर्घटना में जितने बाराती सवार थे, वो सभी घायल हुए हैं। इसमें 2 लोगों की मृत्यु हो गई है, जिनकी पहचान करण सिंह और राहुल सिंह के रूप में हुई है। दोनों दूल्हे के रिश्तेदार थे। बाकी 29 लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार हर्रई अस्पताल में चल रहा है। कुछ गंभीर लोगों को नरसिंहपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रकरण में वैधानिक कार्यवाही की जा रही है और घटना के बाद से ही ड्राइवर मौके से भाग गया है।”
पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है और दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कह रही है।