“जादू-टोना का आरोप, बन गया हत्या का कारण” पुलिस ने अंधे कत्ल का ऐसे किया खुलासा..

छिंदवाड़ा के थाना अमरवाडा पुलिस ने एक अंधे हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी अजब तेकाम उर्फ बब्बा को गिरफ्तार किया है ।
11 जुलाई 2025 को रात में मृतक राजेंद्र इनवाती का शव ग्राम धतुरिया के पास रोड पर मिला था। मृतक के गले में गमछा बंधा था और चोट के निशान थे। पुलिस ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू की।
पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि मृतक और आरोपी के बीच पुरानी रंजिश थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतक उसे आये दिन गाली गलौज करता था और जादू-टोना करने का आरोप लगाता था। इसी से परेशान होकर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी अजब तेकाम उर्फ बब्बा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 575/2025 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी अमरवाड़ा निरीक्षक राजेंद्र धुर्वे, उप निरीक्षक विजेंद्र मार्को, उप निरीक्षक राघवेंद्र उपाध्याय और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने पुलिस टीम की सराहना की है और कहा कि पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से अंधे हत्याकांड का खुलासा हुआ है।